महंत श्री नृत्य गोपाल दास जी
*****
श्रीराम और अयोध्या नित्य स्मरण धाम हैं । अयोध्या का नाम आये तो पूज्य संत नृत्य गोपाल दास जी महाराज का स्मरण सहज ही आ जाता । पूज्य महंत श्री #नृत्य_गोपाल_दास जी महाराज 88 वर्ष के हो गये हैं । महाराज श्री का जन्मोत्सव अयोध्या धाम में मणीराम दास जी छावनी में धूमधाम से मनाया जा रहा है । 19 जून को इस उत्सव में मुख्य मंत्री योगी आदित्य नाथ सहित बड़ी संख्या में साधु संत और देशभर से गणमान्य लोग पहुंचे । महाराज जी को शुभकामनाएँ दी और उनका आशीर्वाद पाया ।
पूज्य महाराज श्री के साथ मेरी एक मुलाकात - संवाद की स्मृति है । याद हो कि राम जन्म भूमि न्यास के प्रमुख श्री नृत्य गोपाल दास जी महाराज 19 अक्तूबर 1994 को दमोह प्रवास पर थे । दमोह में उनकी धर्म सभा हुई थी । सीतानगर शाला के महंत हरिप्रपन्न दास जी महाराज उनके साथ थे । पूज्य नृत्य गोपाल दास जी सीतानगर भगवान रामकौमार जी के दर्शनार्थ गये थे । दमोह में टंडन बिल्डिंग में अनुज टंडन और उनके परिवार ने महाराज जी की वंदना की ।रात्रि विश्राम की व्यवस्था सिंधी धर्म शाला दमोह में थी । उनके साथ परिकर था । मेरा परिचय महंत श्री हरिप्रपन्न दास जी ने कराया था ।दूसरे दिन 20 अक्तूबर '94 की प्रातः महंत नृत्य गोपाल दास जी से सिंधी धर्मशाला में भेंट हुई ।वह दौर राम जन्म भूमि आन्दोलन का था ।महाराज जी से अखबार के लिए लंबी बातचीत हुई । सधे तरीके से संतुलित बात करने वाले श्री नृत्य गोपाल दास जी अपनी साधुता की छाप हमारे मानस पर छोड़ते गये । महाराज जी को प्रणाम करते हुए आटोग्राफ बुक उनके हाथ में दे दी । महाराज श्री ने अपना आशीर्वचन - (" कर्त्तव्य का पालन करते हुए भगवत्स्मरण करना चाहिए " ) उस पर अंकित कर हस्ताक्षर कर दिये । आज महंत श्री नृत्य गोपाल दास जी के 88 वे जन्मदिन पर पीछे मुड़कर देखा तो उनके हस्ताक्षर अमानत से लगे ।
पूज्य महाराज श्री को जन्मोत्सव की हार्दिक बधाई । आपके जीवेम् शरदः शतम् की मंगल कामना करता हूँ । चरणों में दंडवत प्रणाम ।
- नरेन्द्र दुबे
#NarendraDubey
✍️ लेखक के बारे में (About the Author)
मध्य प्रदेश निवासी नरेंद्र दुबे स्वतंत्र पत्रकार एवं लेखक़ हैं | 1982 सें स्वतंत्र पत्रकारिता | 1985 मे राष्ट्रीय दैनिक जनसत्ता (दिल्ली) से बतौर संवाददाता सम्बद्ध हुए | दो दशक तक जनसत्ता के लिए लेखन | देश की विभिन्न पत्र पत्रिकाओ मे रिपोर्ताज और फीचर प्रकाशित| विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय में अतिथि वक्ता बुंदेलखंड अंचल में सरकारी एवं गेर सरकारी स्तर पर सामाजिक कार्यों से प्रतिबद्धता पर्यावरण वाहिनी रोगी कल्याण समिति समिति हिंद मजदूर किसान पंचायत जल बिरादरी और पंचायत राज पदाधिकारी के प्रशिक्षण से सम्बद्धता | पिछले चार दशक से साहित्यिक संगठनों से सम्बद्धता कविता, लेख, निबंध एवं समीक्षा विधा मे सतत लेखन | हिंदुस्तानी साहित्य अकादमी द्वारा श्रेष्ठ समीक्षक़ का सम्मान संप्रति - स्वतंत्र लेखन एवं प्रबोधन